Cannes 2025: अफसरी छोड़ अपनाई फिल्मी दुनिया, पूर्व IAS ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में जमकर दिए पोज; यहां पढ़ें पूरी कहानी
May 25, 2025, 11:32 IST
Cannes 2025: उत्तर प्रदेश के वाराणसी मंडल के जौनपुर जिले के रहने वाले पूर्व IAS अफसर अभिषेक सिंह अक्सर इस्तीफा देने के बाद भी चर्चा में रहते हैं। अभिषेक UPSC 2011 बैच के अफसर हैं। बता दें कि इन दिनों दुनियाभर में कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 की धूम है। पूर्व IAS अभिषेक सिंह ने कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेर कर इतिहास रच दिया है। कड़ी मेहनत के बाद अभिषेक सिंह IAS अधिकारी तो बन गए, लेकिन वहां उनका मन नहीं लगा। उनकी रुचि मॉडलिंग और एक्टिंग में थी। अभिषेक सिंह IAS की सरकारी नौकरी के साथ-साथ कुछ मॉडलिंग और एक्टिंग प्रोजेक्ट करते रहे और आखिरकार उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया और ग्लैमर की दुनिया से पूरी तरह जुड़ गए। पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह के पिता कृपाशंकर सिंह रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी हैं। उनके घर में शुरू से ही पढ़ाई का माहौल रहा। पिता और परिवार की इच्छा पूरी करने के लिए अभिषेक सिंह IAS बने थे। वायरल हुआ रेड कार्पेट लुक पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह का कान्स 2025 रेड कार्पेट लुक वायरल हो रहा है। ब्लैक टक्स सूट में वे बेहद हैंडसम लग रहे थे। अभिषेक सिंह का फैशन सेंस कमाल का है और उन्होंने कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में भी अपने लुक से पुरुषों के फैशन पर गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने ब्लैक शर्ट के साथ ब्लैक वाइड लेग पैंट को पेयर किया। उनका शानदार जैकेट इस लुक के स्टाइल को बढ़ाने के लिए काफी था। वेलवेट टक्स पर सिल्वर एम्ब्रॉयडरी और प्लेन नॉच्ड ब्रॉड लैपल्स भी देखने को मिले। फिल्मी दुनिया को अपनाया पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने अपनी पहली फिल्म से ही इतिहास रच दिया है। वह कान्स के रेड कार्पेट पर चलने वाले पहले आईएएस अधिकारी बन गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी फिल्म "1946: डायरेक्ट एक्शन डे- द इरेज्ड हिस्ट्री ऑफ बंगाल" कान्स में प्रदर्शन किया गया। इस फिल्म को दर्शकों ने जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है। अभिषेक सिंह ने आईएएस से कान्स तक के अपने सफर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वायरल वीडियो को अब तक 11 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने अपने पहले प्रयास में ही यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर ली थी। वे 94वीं रैंक के साथ आईएएस अधिकारी बने। उनकी पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल भी उत्तर प्रदेश की मशहूर आईएएस अधिकारी हैं। सरकारी नौकरी में उनका करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्हें कई बार सस्पेंड किया गया और उनका नाम कुछ विवादों से भी जुड़ा। अभिषेक सिंह ने अक्टूबर 2023 में आईएएस पद से इस्तीफा दे दिया। केंद्र सरकार ने 29 फरवरी 2024 को इसे स्वीकार कर लिया। सीरीज में आ चुके हैं नजर पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह नेटफ्लिक्स पर प्रसारित वेब सीरीज 'दिल्ली क्राइम' सीजन 2 में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने शॉर्ट फिल्मों में भी काम किया है। उन्होंने बी प्राक, जुबिन नौटियाल, हार्डी संधू और सनी लियोनी के साथ म्यूजिक वीडियो भी किए हैं। इतना ही नहीं अभिषेक सिंह लैक्मे फैशन वीक और मनीष मल्होत्रा मिजवान कॉउचर फैशन शो में रैंप मॉडल के तौर पर भी हिस्सा ले चुके हैं। उनका नाम कई सामाजिक कार्य परियोजनाओं से भी जुड़ा है।
