सेवा, सहभागिता और जनकल्याण का बनेगा संगम, हर वर्ग तक पहुंचेगी सरकार की योजनाओं की जानकारी -कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार

 

 

 

*सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी पूरी,* 

 

*17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, विभिन्न मॉड्यूल के तहत होंगे कार्यक्रम*

 

चण्डीगढ,17 सितंबर- हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने  अधिकारियों के साथ बैठक कर सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।

  

मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने वीरवार को पानीपत में अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का अवसर है। एक महीने तक जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को जोड़ा जाएगा और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ सेवा कार्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

  

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम की जिम्मेदारी निर्धारित अधिकारी पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ निभाएं। सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोडऩा है। अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।  प्रशासनिक अधिकारी फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रमों का संदेश जिले के प्रत्येक गांव और शहर के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

  

शहरी विधायक श्री प्रमोद विज  व उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सेवा संकल्प अभियान के बारे में विस्तार से अवगत करवाया।  पुलिस अधीक्षक मेघा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।