{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Weather Update : देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम? यहां देखें IMD का ताजा पूर्वानुमान

 
Weather Update : देशभर में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। दोबारा मानसून एक्टिव होने से कई राज्यों में फिर से कहीं धीमी तो कहीं पर तेज बारिश होने लगी है। वहीं, पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश जारी है। पश्चिम-मध्य भारत और बंगाल की खाड़ी के उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों पर बने निम्न दबाव के चलते कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक जानते है कि आज देशभर में कैसा मौसम रहने वाला है।   

दिल्ली में आज का मौसम 
मौसम विभाग के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। बारिश के चलते दिल्ली के लोगों को ट्रैफिक और जलभराव की परेशानी से भी रूबरू होना पड़ सकता है। 

NCR में आज का मौसम
NCR के शहरों में भी बुधवार की रात से ही शुरू हुई झमाझम बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अगस्त को भी दिल्ली के साथ-साथ नोएडा से लेकर गुरुग्राम तक बारिश होगी। इसके चलते लोगों को जाम का सामना भी करना पड़ सकता है। 

हरियाणा में आज का मौसम
हरियाणा में लगातार बारिश हो रही है। गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत हरियाणा के कई जिलों में हुए जलभराव ने वाहन चालकों की मुसीबत बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 15 अगस्त को भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अंबाला, यमुनानगरपंचकूला, कुरूक्षेत्र और करनाल में 15 अगस्त को बारिश की संभावना है। कुल मिलाकर प्रदेश में तीन दिनों तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 

पंजाब में आज का मौसम
पंजाब में मानसून दोबारा एक्टिव होने के चलते बारिश का दौर गुरुवार से शुरू हो चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार (15 अगस्त) को भी बारिश का दौर जारी रहेगा. पंजाब के कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना है। 

राजस्थान में आज का मौसम 
राजस्थान में बारिश का दौर थमा है। मौसम केंद्र के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ रेखा अमृतसर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने राजस्थान के 10 जिले और 15 अगस्त को 16 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। 

UP में आज का मौसम
UP में मानसून एक्टिव है और इसके चलते लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश में 24 घंटे के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार (15 अगस्त) को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर और पूर्वी यूपी में कई जगहों पर बारिश की संभावना है। 

उत्तराखंड में आज का मौसम
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते भूस्खलन, बाढ़ और सड़कें बंद होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6-7 दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 15 अगस्त को भी उत्तराखंड के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 

हिमाचल प्रदेश में आज का मौसम
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश जारी है। बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित है। इस बीच हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच पांच जगह बादल फटे हैं। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 5-6 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, चंबा और शिमला जिलों में हल्की से लेकर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके चलते ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।