Haryana Weather: हरियाणा में मानसून ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में लगातार बारिश की संभावना है। वहीं IMD ने आज 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं चार जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। बता दें कि वीरवार को हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, नूंह और महेंद्रगढ़ में हल्की बारिश हुई। इस वजह तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वीरवार को फतेहाबाद के टोहना में हल्की बूंदाबांदी हुई। शाम को हुई इस बूंदाबांदी के कारण मौसम में ठंडक बनी। दिन के समय धूप खिलने और गर्मी अधिक होने के कारण लोग परेशान रहे। इसके चलते हिसार के अधिकतम तापमान में हल्का उछाल भी आया है।
कई बरसाती नदियों में जलस्तर घटा
वहीं शुक्रवार को प्रदेश में वर्षा के अलावा आने वाले दिनों में हरियाणा के अधिकतम जिलों में वर्षा हो सकती है। इसका कारण है कि मानसूनी हवाओं में सक्रियता अधिक होगी। इसके साथ ही पहाड़ों पर पांचवें दिन बरसात कम होने से नदियों में पानी का बहाव कम हो गया है। यमुना और घग्गर समेत कई बरसाती नदियों में जलस्तर घट रहा है। कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का तटबंध टूटने से खेतों में बह रहा पानी उतर गया है। दूसरी ओर, यहां वर्षा नहीं होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है।
सोम नदी का जलबहाव 2600 क्यूसेक
सिंचाई विभाग के एसई RS मित्तल का कहना है कि एक लाख क्यूसेक जलबहाव पर मिनी फ्लड घोषित होती है। अभी स्थिति सामान्य है। पूर्वी व पश्चिमी यमुना नहर की आपूर्ति के बाद अतिरिक्त पानी यमुना नदी में छोड़ा जा रहा है। सोम नदी का जलबहाव 2600 क्यूसेक चल रहा है। दस हजार क्यूसेक पर खतरा मना जाता है।
35 गांवों की फसलें प्रभावित
आपको बता दें कि कुरुक्षेत्र के गांव जलबेहड़ा और नैसी के पास मारकंडा नदी के तटबंध टूटने से खेतों में तबाही मचाता हुआ पानी अब आगे निकल गया है। इस पानी ने करीब 35 गांवों की फसलों को अपनी चपेट में लिया। खेत अभी भी पानी से लबालब हैं। जलबेहड़ा के कट की मरम्मत कर इसे बंद कर दिया गया है।