{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा-राजस्थान, यूपी और मध्य प्रदेश में कई जगह तूफानी बरसात की चेतावनी ! नया पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय

 
Naya Haryana, मौसम_अपडेट : उत्तर और मध्य भारत में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी का अब अंत शुरू हो गया है क्योंकि लगातार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ से गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि पश्चिमी राजस्थान, बुंदेलखंड और पूर्वांचल के इलाकों में अगले तीन दिन तक तेज गर्मी का असर बना रह सकता है।

मगर पंजाब, हरियाणा, उत्तर व पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अवध और मध्य प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज चमक के साथ कभी हल्की तो कभी तेज बारिश की गतिविधियां होंगी। कुछ जगह तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी संभव है।

आज का मौसम पूर्वानुमान:

आज पश्चिमी विक्षोभ के शुरुआती प्रभाव के कारण उत्तर राजस्थान, पश्चिमी हरियाणा और दक्षिण पंजाब में दोपहर बाद से लेकर देर रात के बीच गरज चमक के साथ बिखरे तौर पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ जगह तेज बारिश और ओलावृष्टि भी संभव है।

इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी पंजाब, उत्तर व पूर्वी हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अवध, बुंदेलखंड, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के ज्यादातर भागों में बादलवाही के बीच कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

आगे का मौसम पूर्वानुमान:

कल से बारिश का दायरा और बढ़ेगा जिसके कारण अधिक इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और गर्मी धीरे-धीरे कम होती जाएगी। दोपहर होते ही बादलों का निर्माण शुरू हो जाएगा जिससे सूरज की तपिश ज्यादा नहीं बढ़ेगी।

कल से 29 अप्रैल के बीच जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है जबकि ऊपरी पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी भी देखने को मिलेगी।

वही पंजाब, हरियाणा, उत्तर राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अवध, बुंदेलखंड, पूर्वांचल और पूर्वी मध्य प्रदेश के इलाकों में बड़े पैमाने पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ जगह तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि भी संभव है।

दक्षिण और पश्चिमी राजस्थान तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बिखरे तौर पर हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। कहीं-कहीं तेज आंधी के साथ बारिश संभव है।

30 अप्रैल से एक नया WD उत्तर भारत की तरफ बढ़ेगा जिसके कारण फिर से नए सिरे से बड़े पैमाने पर हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और गरज चमक की गतिविधियां शुरू होंगी।

जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र जैसे उत्तर एवं मध्य भारत की ताजा मौसम अपडेट।