{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Weather Update: हरियाणा समेत देशभर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, जानें आज कहां और कितनी होगी बारिश; बाढ़ आने का अलर्ट

 
Weather Update: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। जिसके बाद लगभग सभी राज्यों में बारिश जारी है। पहाड़ी राज्यों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में IMD ने ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, 5 जुलाई से 10 जुलाई तक देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइये जानिए आज दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसे रहेगा।

दिल्ली में आज का मौसम

राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई से 10 जुलाई तक बादलों और बारिश का दौर जारी रहेगा। बारिश के चलते जहां एक तरफ अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, वहीं बढ़ती उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है। IMD के अनुसार, शनिवार (5 जुलाई) को कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है।

NCR में आज का मौसम

NCR में IMD के अनुसार 5 जुलाई की सुबह से ही तेज आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। इसको देखते हुए दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा में आज का मौसम

हरियाणा में मानसून एक्टिव होने के बाद से ही कई जिलों में मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। आगामी 9 जुलाई तक हरियाणा के ज्यादातर जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

पंजाब में आज का मौसम

पंजाब में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है। इससे तापमान में काफी गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शनिवार को बारिश के मद्देनजर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, एसबीएस नगर, पटियाला और एसएएस नगर में येलो अलर्ट जारी किया है। 5 जुलाई को भी पूरे राज्य में बारिश की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में आज का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में कई जगहों के लिए बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 5 से 9 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के साथ ही पश्चिमी राजस्थान में भी भारी बारिश होने का अनुमान है। बारिश के साथ-साथ, आईएमडी ने राजस्थान के कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं।

UP में आज का मौसम

UP में मानसून के एक्टिव होने के बाद आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश में 9 जुलाई तक ऐसी ही बारिश होती रहेगी। 5 जुलाई को प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली और संतरवि दास नगर में भारी बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, गाजीपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर और उसके आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में आज का मौसम

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में झमाझम बारिश हो रही है। मंडी समेत कई जिलों में बारिश औऱ भूस्खलन से जान-माल का भारी नुकसान हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई से हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश तांडव मचाएगी। इस तरह से मंडी जिले में बादल फटने से तबाही मची है। IMD द्वारा कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, शिमला व सिरमौर में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है।