{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Kal Ka Mausam: देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान 

 
Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में इस सप्ताह मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्वी मध्य अरब सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे दो चक्रवाती सिस्टम अगले 24 घंटे में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकते हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इनमें से एक सिस्टम अगले 48 घंटों में गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा (Cyclone Montha)’ में बदलकर आंध्र प्रदेश तट के काकीनाडा के पास शाम या रात तक टकरा सकता है।

कहां पहुंचा है तूफान ‘मोंथा’

भारतीय मौसम विभाग के नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात वर्तमान में पोर्ट ब्लेयर से लगभग 620 किमी पश्चिम, चेन्नई से 780 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व और विशाखापट्टनम से 830 किमी दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है।

यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले दो दिनों में गंभीर चक्रवात का रूप ले सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों में मौसम बदलने के संकेत हैं। IMD के अनुसार 27 और 28 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से शाम या रात में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 29 अक्टूबर को मौसम आंशिक रूप से साफ रहेगा। हल्की ठंड के साथ सुबह और शाम में हवा में नमी बढ़ने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में भी बारिश की दस्तक होने वाली है। मौसम विभाग ने 27 अक्टूबर से अगले 4 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

देर रात और सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छाने की संभावना भी है। छठ पूजा के दौरान मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।

बिहार में बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी के चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार तक पहुंच सकता है। IMD के अनुसार 29 से 31 अक्टूबर के बीच राज्य के कई जिलों (जैसे गया, भागलपुर, पटना और मुज़फ्फरपुर) में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। कल (27 अक्टूबर) को मौसम साफ और शुष्क रहेगा।

उत्तराखंड में ठंड की बढ़ोतरी

पश्चिमी विक्षोभ का असर 27 से 29 अक्टूबर तक उत्तराखंड में देखने को मिलेगा। राज्य के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। IMD ने चेतावनी दी है कि पहाड़ी मार्गों पर फिसलन और कोहरे के कारण वाहन सावधानी से चलाएं।

हिमाचल प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

हिमाचल में सोमवार को हल्की गर्मी और रात में ठंड का एहसास रहेगा। 28 अक्टूबर से बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड तेजी से बढ़ सकती है।