{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Kal Ka Mausam: देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान 

 
Kal Ka Mausam: दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। राजधानी दिल्ली के अस्पतालों में सांस संबंधी बीमारियों और गर्भावस्था से जुड़ी दिक्कतों वाले मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। डॉक्टरों के अनुसार, प्रदूषण के इस बढ़ते स्तर का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ रहा है। प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण (PM 2.5 और PM 10) सांस के जरिए शरीर में जाकर कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर रहे हैं।

इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में दो अलग-अलग दबाव प्रणालियां सक्रिय हैं। इनकी वजह से आने वाले दिनों में दक्षिण और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। यह चक्रवात 27 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर विकसित हो सकता है।

दिल्ली में अगले चार दिनों तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। 27 और 28 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी या फुहारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। गौरतलब है कि 20 से 23 अक्टूबर के बीच जब प्रदूषण का स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया था, तब दिल्ली के अस्पतालों में सांस के मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी देखी गई थी।

उत्तर प्रदेश में फिलहाल कोई बड़ी वर्षा प्रणाली सक्रिय नहीं है। राज्य में साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने का मौसम रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना बहुत कम है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की चलेगी।

बिहार में भी कल के लिए मौसम विभाग ने साफ मौसम का अनुमान जताया है। हालांकि, 29 से 31 अक्टूबर के बीच बंगाल की खाड़ी से आने वाले चक्रवात के असर से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। फिलहाल, सुबह के समय कोहरा या धुंध देखने को मिल सकता है। तापमान 17 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

उत्तराखंड में भी गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम ठंडक का असर साफ महसूस किया जा सकता है। हाल की बर्फबारी के बाद मौसम में बदलाव आया है। 25 अक्टूबर को राज्य में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 27 अक्टूबर से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे मौसम में बदलाव हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश में भी फिलहाल मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। 27 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है। फिलहाल, अधिकांश जगहों पर दिन के समय धूप और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।