हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी निर्वाचित, दुष्यंत चौटाला बने अध्यक्ष
हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन (HTTA) की वार्षिक आम सभा एवं वर्ष 2026–2030 के लिए नई कार्यकारिणी के चुनाव बुधवार को बेस्ट वेस्टर्न स्काई सिटी होटल, सेक्टर-15, गुरुग्राम में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
चुनाव प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर नेहा गख्खड़ के निर्देशन में सम्पन्न हुई। इस दौरान टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक चेतन गुरुंग तथा हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के पर्यवेक्षक रविंद्र पन्नू की मौजूदगी में संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराई गई।
यह निर्वाचन भारत सरकार के National Sports Governance Act, 2025 तथा उसके अंतर्गत लागू चुनाव संबंधी प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया। (India Code)
चुनाव परिणामों के अनुसार दुष्यंत चौटाला अध्यक्ष, एम. पी. सिंह महासचिव तथा विकास सैनी कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
नई कार्यकारिणी में सुनील छाबड़ा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कल्याण सिंह, पवन सप्रा एवं कविता झांगू उपाध्यक्ष चुने गए। वहीं विरेंद्र राणा, गणेश आहूजा, अजमेर सिंह तथा अनुराधा श्रीवास्तव संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट श्रेणी से दीपक मलिक एवं सुमन कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी हरियाणा में टेबल टेनिस के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की पहचान को और मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
महासचिव एम. पी. सिंह ने कहा कि आने वाले कार्यकाल में खिलाड़ियों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता होंगे तथा राज्यभर में प्रतियोगिताओं के स्तर को और बेहतर बनाने, प्रशिक्षकों एवं तकनीकी अधिकारियों के विकास तथा खेल के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।