Tamil Nadu CM Oath Ceremony: थलापती विजय बने तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री, PM मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई
Tamil Nadu CM Oath Ceremony : तमिलनाडु से बड़ी खबर सामने आ रही है। आज सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। जानकारी के मुताबिक, तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख विजय ने तमिल भाषा में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने टोका
मिली जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण के दौरान विजय निर्धारित शपथ-पत्र से आगे कुछ अतिरिक्त बातें कहने लगे। इस पर राज्यपाल R. N. Ravi ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा कि वे केवल वही पढ़ें जो आधिकारिक रूप से लिखा गया है। इसके बाद विजय ने तय प्रारूप के अनुसार शपथ पूरी की।
PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने TVK प्रमुख जोसेफ विजय चंद्रशेखर को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी है। उन्होंने लोगों के कल्याण के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच लगातार सहयोग का आश्वासन भी दिया।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री विजय के साथ 9 अन्य मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं। ये सभी विधायक TVK पार्टी से जुड़े हुए हैं।
सहयोगी दलों को जगह नहीं
मिली जानकारी के अनुसार, विजय के पहले मंत्रिमंडल में फिलहाल सहयोगी दलों के किसी भी विधायक को शामिल नहीं किया गया है। सभी मंत्री TVK के ही सदस्य हैं। इससे पहले विजय ने शनिवार को राज्यपाल को TVK, कांग्रेस, CPI, CPM, VCK और IUML के 121 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे थे। इसके बाद उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया।
TVK की बड़ी सफलता
जानकारी के मुताबिक, करीब दो साल पहले बनी TVK पार्टी ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 234 में से 108 सीटें जीतीं। सहयोगी दलों के समर्थन के साथ विजय के पास कुल 121 विधायकों का समर्थन है, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 सीटों का बहुमत आवश्यक था।