{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ सांपला नगर पालिका का चुनाव:- उपायुक्त सचिन गुप्ता

 

रोहतक, 10 मई । उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि नगरपालिका सांपला का चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से सम्पन्न हो गया हैं । उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मतदान को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे। नगर पालिका सांपला का 16 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया। मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी मतदान पार्टियां समय पर रवाना हुईं तथा सभी मतदान केंद्रों पर सफलतापूर्वक पहुंचीं। मॉक पोल प्रक्रिया भी सभी मतदान केंद्रों पर विधिवत रूप से सम्पन्न की गई। उन्होंने बताया कि कुल मतदाता 15624 में से 12371 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग इस चुनाव में किया।

मतदान प्रतिशत 79.2 रहा। सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही। मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए समस्त मतदाताओं, मतदान कर्मियों, सुरक्षा बलों एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।