{"vars":{"id": "128336:4984"}}

पंजाब में भाजपा की भारी बहुमत से सरकार बनेगी- ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज

 

चंडीगढ़, 4 अप्रैल - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पंजाब में विकास, सुरक्षा, अवसंरचना और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे प्रमुख मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत ऐतिहासिक है, जो इस बात का संकेत देती है कि वहां की जनता ने अन्य राजनीतिक दलों को नकार दिया है। इसके अलावा, श्री विज ने कहा कि राज्य में हो रहे निकाय चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी जीतेगी क्योंकि भाजपा की लहर चल रही है।

श्री विज आज यहां मीडिया कर्मियों द्वारा पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों के परिणामों से संबंधित पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे।

आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी - विज

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पश्चिम बंगाल में भाजपा ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है, उसी प्रकार पंजाब में भी पार्टी नया इतिहास रचेगी। आम आदमी पार्टी छोड़कर आए सात सांसदों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्यसभा के सभापति द्वारा उन्हें मान्यता प्रदान की जा चुकी है। ये सभी सांसद विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो चुके हैं और अब पार्टी के सम्मानित सदस्य के रूप में पंजाब चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

आप पार्टी संगठित राजनीतिक दल नही, केवल एक जुगाड- विज

आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह कोई संगठित राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक अस्थायी व्यवस्था (जुगाड़) मात्र है। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन को मिले व्यापक जनसमर्थन का लाभ उठाकर कुछ लोगों ने समर्थकों का डेटा एकत्र कर एक पार्टी बना ली, जिसकी न तो कोई स्पष्ट विचारधारा है और न ही कोई ठोस कार्यक्रम।

देश की जनता ने विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के लिए भाजपा पर भरोसा जताया- विज

पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत इस बात का स्पष्ट संकेत है कि देश की जनता ने अन्य दलों को परख लिया है और अब विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के लिए भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने, सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने में भाजपा ही सक्षम है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीतियों के साथ चलने वाली पार्टी है और वर्ष 2047 के संकल्प के साथ हम राष्ट्रवाद के ध्येय के साथ अग्रसर है।

भाजपा एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे वाली पार्टी - विज

उन्होंने आगे कहा कि जहां-जहां चुनाव हुए हैं, वहां भाजपा को निरंतर सफलता मिली है-चाहे वह हरियाणा, दिल्ली, बिहार या अन्य राज्य हों। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल और असम में भी भाजपा ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में होने वाले चुनावों में भी भाजपा इसी प्रकार विजय प्राप्त करेगी। श्री विज ने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे वाली पार्टी है, जिसमें बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सुव्यवस्थित संरचना है। कार्यकर्ताओं को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली मजबूत होती है।

आने वाले समय में कांग्रेस गायब हो जाएगी- विज

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी और अमित शाह द्वारा पश्चिम बंगाल में की गई विशाल रैलियों से ही स्पष्ट संकेत मिल गया था कि वहां भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक दल कमजोर और विचारहीन हैं, जो केवल सत्ता प्राप्ति तक सीमित हैं। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रभाव लगातार समाप्त हो रहा है और आने वाले समय में यह पार्टी राजनीतिक परिदृश्य से पूरी तरह गायब हो जाएगी।