{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 New Rule: 1 नवंबर से बदल जाएंगे ये 5 बड़े नियम, जानें क्या पड़ेगा असर

 
 New Rule From 1 November: 1 नवंबर 2025 से देशभर में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहा है। ये बदलाव आपकी जेब से लेकर आपकी रोजमर्रा की ज़िंदगी तक को प्रभावित करेंगे। इनमें आधार कार्ड अपडेट, बैंकिंग सिस्टम, SBI क्रेडिट कार्ड, म्यूचुअल फंड निवेश, और गैस सिलेंडर की कीमतें शामिल हैं। अगर आप समय पर अपडेट नहीं हुए तो नुकसान उठाना पड़ सकता है। आइए जानते हैं, कौन से हैं ये 5 बड़े बदलाव —

1. आधार कार्ड अपडेट करने के नियम बदल गए

UIDAI ने 1 नवंबर से आधार कार्ड अपडेट प्रक्रिया को आसान और डिजिटल बना दिया है। अब आप नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर जैसी जानकारियाँ ऑनलाइन ही अपडेट कर सकेंगे।  इसके लिए आधार केंद्र जाने की ज़रूरत नहीं होगी। सिर्फ बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन) के लिए ही आधार केंद्र जाना जरूरी रहेगा।

नई व्यवस्था में UIDAI आपकी जानकारी को PAN, पासपोर्ट, राशन कार्ड, मनरेगा और स्कूल रिकॉर्ड जैसे सरकारी डेटाबेस से स्वचालित रूप से सत्यापित (auto-verify) करेगा। यानी अब मैन्युअल डॉक्युमेंट अपलोड की झंझट खत्म हो जाएगी।

2. SBI क्रेडिट कार्ड से जुड़ा बड़ा बदलाव

अगर आप SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। अब अनसिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड पर 3.75% शुल्क लागू किया गया है। इसके अलावा, अगर आप CRED, CheQ, Mobikwik जैसे थर्ड-पार्टी ऐप्स से स्कूल या कॉलेज की फीस भरते हैं, तो उस पर 1% अतिरिक्त चार्ज देना होगा।

हालांकि, स्कूल की ऑफिशियल वेबसाइट या POS मशीन से भुगतान करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। 1,000 रुपये से ज्यादा वॉलेट लोड करने पर 1% चार्ज लगेगा। कार्ड से चेक पेमेंट करने पर 200 रुपये का शुल्क देना होगा।

3. म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए नया नियम

SEBI ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए म्यूचुअल फंड में नए नियम लागू किए हैं। अब अगर किसी AMC (Asset Management Company) के अधिकारी, कर्मचारी या उनके रिश्तेदार ₹15 लाख से अधिक का लेन-देन करते हैं, तो कंपनी को इसकी जानकारी अपने compliance officer को देनी होगी।

4. बैंकिंग में नॉमिनी सिस्टम में बड़ा बदलाव

1 नवंबर से बैंकिंग नियमों में ऐतिहासिक बदलाव होगा। अब ग्राहक अपने बैंक अकाउंट, लॉकर और सेफ कस्टडी में चार लोगों तक को नॉमिनी बना सकेंगे। पहले केवल एक ही नॉमिनी रखने की अनुमति थी।

नई व्यवस्था के तहत ग्राहक यह भी तय कर सकेंगे कि किस नॉमिनी को कितना हिस्सा देना है। अगर पहला नॉमिनी नहीं रहता, तो उसका हिस्सा अपने आप दूसरे नॉमिनी को ट्रांसफर हो जाएगा। यह बदलाव Banking Law (Revision) Act 2025 के तहत लागू किया जाएगा।

5. LPG, CNG और PNG की कीमतों में संभावित बदलाव

हर महीने की तरह इस बार भी 1 नवंबर को गैस की कीमतों की समीक्षा की जाएगी। इसमें LPG (घरेलू सिलेंडर), CNG और PNG की दरों में बदलाव संभव है। कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के रेट और डॉलर के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करेंगी।