Neeraj Chopra: ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा बने लेफ्टिनेंट कर्नल, सेना ने दी मानद उपाधि
Oct 22, 2025, 14:07 IST
Neeraj Chopra: हरियाणा के पानीपत निवासी और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि से सम्मानित किया गया है। बुधवार को दिल्ली में आयोजित एक भव्य अलंकरण समारोह में उन्हें यह उपाधि दी गई। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर नीरज के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। उनकी मां सरोज देवी, पिता सतीश चोपड़ा, चाचा भीम चोपड़ा और पत्नी हिमानी मोर ने इस ऐतिहासिक पल में हिस्सा लिया और बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व जताया।
नीरज चोपड़ा का सेना से जुड़ाव कोई नया नहीं है। वे 26 अगस्त 2016 को भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर भर्ती हुए थे। टोक्यो ओलंपिक में जब उन्होंने भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता, तब उन्हें सेना की ओर से परम विशिष्ट सेवा मेडल से भी नवाजा गया। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्हें सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नति मिली।
अब, 2025 में उन्हें भारतीय सेना द्वारा मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि प्रदान की गई है। यह न केवल उनके खेल जीवन की एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि सेना के साथ उनके मजबूत संबंध और देश के प्रति उनके योगदान का प्रतीक भी है।