भीषण गर्मी को देखते हुए हरियाणा सरकार का अलर्ट जारी, स्कूलों में जल्द हो सकती है गर्मी छुट्टियों की घोषणा
चंडीगढ़: हरियाणा में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। हीटवेव और बढ़ती गर्मी ने प्रदेशवासियों का हाल बेहाल कर रखा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बीच महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश (समर वेकेशन) की तारीखों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के बीच स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री को सौंपी गई विस्तृत रिपोर्ट
मौसम की स्थिति, स्कूलों के संचालन और संभावित छुट्टियों को लेकर मौसम विभाग ने मुख्यमंत्री को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी है। इस रिपोर्ट के आधार पर स्कूलों में समय परिवर्तन, छुट्टियों की अग्रिम घोषणा और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी।
गर्मी छुट्टियों की जल्द होगी घोषणा
आमतौर पर हरियाणा में स्कूलों की गर्मी छुट्टियां जून के पहले सप्ताह से शुरू होती हैं, लेकिन इस बार तापमान में बहुत अधिक वृद्धि होने के कारण सरकार छुट्टियां पहले घोषित कर सकती है। आशंका जताई जा रही है कि सरकारी और निजी स्कूलों के लिए एक समान आदेश जारी किया जाए।
बैठक में वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी रहेंगे मौजूद
आज होने वाली बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मौसम विभाग से प्राप्त इनपुट और जिला स्तर की रिपोर्टों के आधार पर प्रस्तुति देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अंतिम निर्णय लेंगे। प्रदेश भर के लाखों विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक इस बैठक के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। अगर छुट्टियों की घोषणा होती है तो इसका लाभ लगभग सभी सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों को मिलेगा।