{"vars":{"id": "128336:4984"}}

खेल मंत्री गौरव गौतम का बड़ा ऐलान, हरियाणा में 21 नए स्टेडियमों का होगा निर्माण

चंडीगढ़:हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बहुत जल्द हरियाणा में 21 नए स्टेडियमों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को जमीनी स्तर पर ज्यादा से ज्यादा और बेहतरीन खेल सुविधाएं मुहैया करवाना है।
 

 चंडीगढ़: हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बहुत जल्द हरियाणा में 21 नए स्टेडियमों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को जमीनी स्तर पर ज्यादा से ज्यादा और बेहतरीन खेल सुविधाएं मुहैया करवाना है।

फर्जी खेल नर्सरी पर संबंधित जिला अधिकारी के खिलाफ होगी कार्रवाही

बैठक के दौरान फर्जी खेल नर्सियों को लेकर खेल मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिनों के भीतर सभी जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) अपने-अपने जिलों में चल रही खेल नर्सरियों की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार कर खेल मुख्यालय को भेजें। खेल मंत्री ने चेताया कि इस रिपोर्ट के बाद अगर प्रदेश में कहीं भी कोई फर्जी खेल नर्सरी चलती हुई पाई गई, तो संबंधित जिला खेल अधिकारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

खिलाड़ियों को अभ्यास करने में किसी तरह की असुविधा ना हो

खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों के हितों के बारे में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक खेल निदेशालय से आधिकारिक बजट जारी नहीं हो जाता, तब तक जिला खेल अधिकारी जिला खेल परिषद के माध्यम से तुरंत खेल उपकरणों व अन्य जरूरी सामान की खरीद सुनिश्चित करें ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास करने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हर जिले में एथलेटिक्स का सिंथेटिक ट्रैक तैयार हो

खेल मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं और बजट घोषणाओं को पूरी गंभीरता से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर खेल स्टेडियमों के निर्माण व अन्य लंबित खेल प्रोजेक्टों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के लिए प्रदेश के हर जिले में एथलेटिक्स का सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया जाएगा।

खेलो हरियाणा ऐप विकसित करने के निर्देश

खेल मंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द 'खेलो हरियाणा ऐप' विकसित करने के निर्देश दिए। इस मोबाइल ऐप में प्रदेश के सभी खिलाड़ियों और खेल स्टेडियमों का पूरा डेटा उपलब्ध होगा, जिससे खिलाड़ी अपने नजदीकी स्टेडियम की जानकारी प्राप्त कर वहां अभ्यास कर सकेंगे।