हरियाणा के 4 जिलों में खुलेंगे पॉलिटेक्निक कॉलेज
चंडीगढ़: तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र को बढ़ावा देने के क्रम में हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। हरियाणा के 4 जिलों में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज खोले जायेंगे। राज्य के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के विधानसभा क्षेत्र पानीपत सहित पटौदी, नारायणगढ़ और कनीना में नए संस्थान खोले जाएंगे। इसको लेकर प्रदेश सरकार ने तमाम प्रस्तावित स्थानों पर जमीन चिन्हित कर ली है और भवनों के नक्शे तैयार करने के लिए फाइलें चीफ आर्किटेक्ट, हरियाणा को भेज दी गई हैं।
इन संस्थानों की स्थापना वित्त वर्ष 2026-27 के बजट के अंतर्गत की जाएगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगारोन्मुख कौशल उपलब्ध कराना है, ताकि वे उद्योगों और निजी क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सकें।
हरियाणा के इन 4 जिलों में खोले जायेंगे पॉलिटेक्निक कॉलेज
पानीपत: कविगांव में बनेगा नया पॉलिटेक्निक कॉलेज
पानीपत के कविगांव में पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए ग्राम पंचायत द्वारा लगभग 15 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई जा चुकी है। अब तकनीकी शिक्षा विभाग जमीन के दस्तावेजों की जांच करेगा। इसके बाद भूमि हस्तांतरण, भवन डिजाइन और निर्माण कार्य की प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया शुरू होगी।
पटौदी: माउ और लोकरी गांव में संस्थान
पटौदी क्षेत्र के माउ और लोकरी गांव में पंचायत द्वारा करीब नौ एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई गई है। विभागीय टीम जल्द ही स्थल निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद भवन योजना तैयार करने, निर्माण एजेंसी चयन और वित्तीय मंजूरी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
नारायणगढ़: पीजी कॉलेज परिसर में होगा निर्माण
नारायणगढ़ के पीजी कॉलेज परिसर में पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित करने की योजना बनाई गई है। विभाग को यहां मानकों के अनुरूप पर्याप्त भूमि उपलब्ध मिली है। फिलहाल सीमांकन और माप प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद भवन निर्माण की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
कनीना: 22 एकड़ भूमि पर बनेगा संस्थान
कनीना क्षेत्र में पंचायत की ओर से लगभग 22 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई गई है। विभाग ने भूमि हस्तांतरण, साइट निरीक्षण और भवन निर्माण के प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।