हरियाणा में 25 जून से नौतपा की शुरुआत
Haryana Weather: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ खत्म होने के बाद मौसम साफ हो गया है और तापमान में बढ़ोतरी होने जा रही है। अगले चार दिनों में तापमान में और अधिक बढ़त देखने को मिलेगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार की शाम बंगाल की खाड़ी पर डिप्रेशन बनने से दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं से हरियाणा में मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिला। रात के करीब 10.30 बजे के बाद से सुबह तक प्रदेश के सात जिलों में तेज गर्जना, आंधी तथा ओलावृष्टि के साथ बिखराव वाली बारिश हुई।
हिसार में 0.4, करनाल में 1.4, नारनौल में 1.5, रोहतक में 1.4, सिरसा में 2.0, जींद में 5 और सोनीपत में 1.5 एमएम बारिश हुई। इस आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के चलते शुक्रवार को प्रदेश में तापमान में गिरावट दिखी। पूरे प्रदेश में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया। यमुनानगर में दिन का सबसे सबसे कम 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। रात के तापमान की बात करें तो रोहतक में यह 16.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम था।
हिसार में रात का तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 23.7 रहा। महेंद्रगढ़ में भी रात का तापमान सामान्य से 1.7 कम रह कर 23.7 रहा। शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी शुरु हो जाएगी। अगले चार दिन में तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। मई महीने के आखिरी सप्ताह में एक बार फिर से मौसम में बदलाव आएगा। 25 जून से शुरू होने वाला नौतपा इस बार ठंडा रहने की उम्मीद है। नौतपा में बारिश के आसार बन रहे हैं।