गर्मियों में नहर में नहाने वालों के लिए हरियाणा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
यमुनानगर: गर्मियों के मौसम में नहरों में नहाने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसमें अधिकतर संख्या में युवा रहते हैं। कितनी बार युवा नहाते वक्त गहरे पानी में चले जाते हैं जिससे डूबने की आशंका बन जाती है।
हाल ही में एक युवक पीपली माजरा के पास नहर में सेल्फी लेते समय डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसे देखते हुए जिला पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में युवा अपनी जान को जोखिम में डाल रहे हैं। खासतौर पर नदी, नहर, झील और स्विमिंग पूल जैसे गहरे पानी वाले स्थानों पर खतरनाक तरीके से वीडियो और रील बनाने का चलन बढ़ रहा है। कई मामलों में युवाओं का संतुलन बिगड़ने, गहराई का अंदाजा न होने या तेज बहाव के कारण हादसे हुए हैं।
पुलिस के द्वारा जारी एडवाइजरी में युवाओं से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में न डालें। पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें।