हरियाणा सरकार के मंत्री श्री विपुल गोयल पत्रकार हितों की बनेंगे सशक्त आवाज, मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन पर होगा भव्य सम्मान
पंचकूला: 25 मई सोमवार को प्रदेश के पत्रकारों के हितों और उनके सामाजिक सुरक्षा अधिकारों को लेकर कार्य कर रही मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) की ओर से हरियाणा टूरिज्म के रेड बिशप, पंचकूला में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक विश्लेषक श्री दीपक धीमान करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री हरियाणा के मीडिया सेक्रेटरी श्री प्रवीण अत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
विपुल गोयल को पत्रकारों के हित से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा
एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी आवाज को सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम के दौरान मंत्री विपुल गोयल को पत्रकारों के हितों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें मीडिया कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, बीमा, पेंशन और मान्यता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें शामिल होंगी। चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ होने के बावजूद अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। फील्ड में काम करने वाले पत्रकार दिन-रात जोखिम उठाकर समाज तक सच्चाई पहुंचाते हैं, लेकिन उनके लिए स्थायी सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का अभाव है। इसी उद्देश्य से एसोसिएशन पत्रकारों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के हित में रखी जाएगी ये मांगें
विपुल गोयल को सौंपने जाने वाले ज्ञापन में प्रमुख रूप से पत्रकारों के लिए न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक पेंशन योजना लागू करने की मांग की जाएगी। इसके अलावा फील्ड पत्रकारों और कैमरा पर्सन के लिए विशेष स्वास्थ्य बीमा योजना, दुर्घटना बीमा और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात भी रखी जाएगी। एसोसिएशन का कहना है कि कई पत्रकार आर्थिक तंगी के कारण गंभीर बीमारियों के दौरान उचित इलाज तक नहीं करवा पाते। इसके साथ ही पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर विशेष स्वास्थ्य कार्ड जारी करने, पत्रकार आवास योजना लागू करने और वरिष्ठ पत्रकारों को सरकारी स्तर पर सम्मान निधि दिए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रहेगी। संगठन पत्रकारों के बच्चों को शिक्षा में विशेष छात्रवृत्ति और उच्च शिक्षण संस्थानों में आरक्षण जैसी सुविधाएं देने की भी मांग करेगा।