{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 गुरुग्राम कोर्ट के परिसर में आग लगने के बाद ढह गई पूरी बिल्डिंग, सारे रिकॉर्ड जलकर हुए खाक, 5 घंटे के बाद भी आग पर नहीं पाया गया काबू

 

 गुरुग्राम: गुरुग्राम कोर्ट के परिसर में रविवार की दोपहर 12 बजे भीषण आग लग गई। अब खबर आ रही है कि कोर्ट परिसर में आग लगने के कारण बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह गया। आग इतनी ज्यादा भयावह हो गई है कि पांच घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी अब तक पूरी आग पर काबू नहीं पाया गया है।

रविवार की दोपहर अचानक से लोअर कोर्ट के रिकॉर्ड रूम से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दी। जिसके बाद वहां से गुजर रहे कुछ वकीलों ने इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और चौकीदार को दी।

घटना की सूचना प्राप्त होने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि अभी मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौजूद हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आगजनी की इस घटना को लेकर फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि संभवत: शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। फायर टीम आग बुझाने का काम कर ही रही थी कि अचानक से बिल्डिंग का एक भाग भरभराकर गिर गया।

घटना को लेकर  पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सुबह से ही आग बुझाने में जुटी हुई है। पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद है। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी अभी तक नहीं है। आग के कारण काफी रिकॉर्ड जल गया है। आग बुझाने के बाद सर्च अभियान चलाया जाएगा।