{"vars":{"id": "128336:4984"}}

करनाल में सनकी पिता ने अपनी 3 महीने की मासूम बच्ची की गला दबाकर की हत्या, नाले में फेंका शव

करनाल:करनाल में एक सनकी पिता ने अपनी ही 3 महीने की मासूम बच्ची का गला घोंटकर हत्या कर दी। मासूम की हत्या कर उसका शव कर्ण कैनाल के नाले में फेंक दिया। मासूम बच्ची की मां ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची का शव नाले से बरामद किया।
 

 करनाल: करनाल में एक सनकी पिता ने अपनी ही 3 महीने की मासूम बच्ची का गला घोंटकर हत्या कर दी। मासूम की हत्या कर उसका शव कर्ण कैनाल के नाले में फेंक दिया। मासूम बच्ची की मां ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची का शव नाले से बरामद किया।

बच्ची की हत्या के पीछे पति और पत्नी के बीच का झगड़ा बताया जा रहा है। बच्ची की मां अनीता ने पुलिस को बताया कि उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक तीन महीने की दिव्यांशी और दूसरा तीन साल का बेटा है। पति से विवाद के कारण वह पिछले दो महीने से अपने मायके में रह रही थी। बीती रात उसका पति सोनू शराब के नशे में वहां पहुंचा और झगड़ा करने लगा। झगड़े के दौरान तीन महीने की दिव्यांशी को उसकी गोद से छीन लिया और बाहर ले गया। कुछ समय बाद जब वह वापस आया, तो उसके हाथ खाली थे। पूछने पर उसने बताया कि उसने बच्ची को सब्जी मंडी के पीछे वाले नाले में फेंक दिया है। यह सुनते ही मां के होश उड़ गए। इसके बाद सोमवार सुबह उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर बच्ची के शव को नाले से निकाल लिया।

सिविल लाइन के थाना प्रभारी रामलला ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली थी एक व्यक्ति ने अपनी तीन महीने की बच्ची को गंदे नाले में फेंक दिया है। सूचना मिलने पर सर्च अभियान चलाया और कर्ण कैनाल के नाले से बच्ची के शव को बरामद कर लिया है और आरोपित को भी हिरासत में ले लिया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।