ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज हरियाणा की 20 हजार मेडिकल स्टोर बंद
Medical stores closed:ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज देशव्यापी मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। इस कड़ी में हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने बुधवार को सभी जिलों में मेडिकल स्टोर बंद रखने का ऐलान किया है। प्रदेश में तकरीबन 20 हजार मेडिकल स्टोर हैं। हिसार, सोनीपत, यमुनानगर, फतेहाबाद समेत अन्य जिलों अधिकतर मेडिकल स्टोर बंद हैं।
Updated: May 20, 2026, 11:47 IST
Medical stores closed: ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज देशव्यापी मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। इस कड़ी में हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने बुधवार को सभी जिलों में मेडिकल स्टोर बंद रखने का ऐलान किया है। प्रदेश में तकरीबन 20 हजार मेडिकल स्टोर हैं। हिसार, सोनीपत, यमुनानगर, फतेहाबाद समेत अन्य जिलों अधिकतर मेडिकल स्टोर बंद हैं। सोनीपत में तो दुकानों के बाहर स्ट्राइक के पोस्टर भी लगाए गए। पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और गुरुग्राम में दुकानें बाकी दिनों की तरह खुलीं। यहां की एसोसिएशनों ने हड़ताल से दूरी बनाई हुई है। करनाल में हड़ताल का मिला जुला असर दिखा। यह हड़ताल रात 12 बजे तक चलेगी। अस्पतालों के अंदर चल रहे मेडिकल स्टोर और जन औषधि केंद्र खुले हुए हैं। इसलिए इमरजेंसी में मरीजों को दिक्कत नहीं आएगी।
हड़ताल कर रहे दवा दुकानदारों की मांगे
- दवा दुकानदारों का कहना है कि बिना सख्त नियमों के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। इससे मोहल्लों और छोटे शहरों की मेडिकल दुकानों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों ने सरकार से ऐसी बिक्री पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
- दवा विक्रेताओं ने केंद्र सरकार के दो नियम GSR 220(E) और GSR 817(E) को विवाद की जड़ बताया है। उनका कहना है कि इन नियमों की वजह से ऑनलाइन कंपनियों को फायदा मिल रहा है, इसलिए इन्हें वापस लिया जाना चाहिए।
- दुकानदारों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर गलत, फर्जी या नकली डॉक्टर पर्चियों के जरिए दवाएं खरीदी जा सकती हैं। इससे मरीजों की सेहत को खतरा हो सकता है। इसलिए ई-फार्मेसी के लिए नए और कड़े नियम बनाए जाने की मांग की गई है।
- स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां 20% से 50% तक भारी छूट देकर दवाएं बेच रही हैं। छोटे दुकानदार इतने बड़े डिस्काउंट का मुकाबला नहीं कर पा रहे, जिससे उनका व्यवसाय लगातार कमजोर हो रहा है।