{"vars":{"id": "128336:4984"}}

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करवाने के लिए महिलाओं ने प्रधानमंत्री का व्यक्त किया आभार

 

रोहतक, 16 अप्रैल : नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत जिला में नारी शक्ति वंदन पदयात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित श्लोगनों से युक्त प्ले कार्ड लेकर शहर वासियों को अभियान बारे जागरूक किया। प्रदेश के संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, महंत कालीदास महाराज, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक, प्रदेश सचिव एवं पदयात्रा की संयोजिका रेणु डाबला, दीपक निवास हुड्डा ने पदयात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।


प्रदेश के संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करवाने के लिए महिलाओं द्वारा पदयात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। सरकार द्वारा इस अधिनियम को वर्ष 2029 में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में लागू करवाने के उद्देश्य से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन पदयात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया तथा संबंधित अधिनियम के बारे में शहरवासियों को जागरूक किया। यह पदयात्रा स्थानीय अंबेडकर चौक से शुरू होकर सोनीपत स्टैंड, सोनीपत रोड़, शीला बाईपास होते हुए चौधरी छोटूराम स्टेडियम में संपन्न हुई, जहां पदयात्रा की प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट वितरित की गई। पदयात्रा में शामिल महिलाओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का महिलाओं को संसद व विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने के संकल्प के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।


संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा ने कहा कि पदयात्रा की प्रतिभागी सभी महिलाएं नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बारे में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के महिलाओं के सशक्तिकरण के संकल्प को घर-घर पहुंचाये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक कदम उठाये है। सरकार द्वारा वर्ष 2029 के आम चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार देने के लिए कदम उठाये गए है। देश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है तथा भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।


पदयात्रा की संयोजिका रेणु डाबला ने नारी शक्ति वंदन पदयात्रा में शामिल महिलाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पदयात्रा में महिलाओं ने संसद से विधानसभा तक बढेगी भागीदारी, सशक्त होगी भारत की नारी। नारी का सम्मान देश का स्वाभिमान, सशक्त नारी, सशक्त भारत जैसे श्लोगनों से नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बारे में संदेश दिया तथा महिलाओं को उनके अधिकार दिलवाने की मांग की।


इस अवसर पर मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी सहित पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, मार्केट कमेटी सांपला के चेयरमैन उदयभान मलिक, रमेश भाटिया, राजकमल सहगल, हरियाणा राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा प्रतिभा सुमन, एडवोकेट अनीता बुधवार, डॉ. अंकुश बिड्डू, कुलविंदर सिक्का, नितिन जैन, दीपू नागपाल, मनीष शर्मा, संगीता सिंघल, रानी किराड़ सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।