{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Weather Update : देश के इन राज्यों में आज होगी तेज बारिश, यहां देखें  IMD का ताजा पूर्वानुमान

 

Weather Update : देशभर में एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 13 सितंबर को उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। इसका असर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा जैसे राज्यों में देखने को मिलेगा।

वर्तमान में एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों में पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे कई राज्यों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।

दिल्ली का मौसम 

राजधानी दिल्ली में 13 सितंबर को यानी आज मौसम राहत देने वाला रहेगा। भारी बारिश की संभावना कम है और यमुना का जलस्तर भी धीरे-धीरे घट रहा है। इससे बाढ़ पीड़ितों को अपने घर लौटने का मौका मिल सकता है।

NCR में आज का मौसम 

NCR में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बादल छाए रहने से तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर होगी, लेकिन उमस का असर बना रहेगा.

हरियाणा में आज का मौसम

हरियाणा में 13 सितंबर को भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश की संभावना है. पश्चिमी हरियाणा में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं.

पंजाब में आज का मौसम

पंजाब में भी आज हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा. अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर और जालंधर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. मैदानी हिस्सों में जलभराव से परेशानी हो सकती है.

राजस्थान का मौसम 

उदयपुर, डुंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, प्रतापगढ़ में भारी बारिश के आसार हैं। राज्य में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 91 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश का मौसम 

UP के कई जिलों में भारी से मध्यम बारिश हो सकती है। कुशीनगर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बरेली, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत 13 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने को कहा गया है।

बिहार का मौसम 

सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल और खगड़िया जैसे जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले में न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

झारखंड का मौसम 

राज्य के रांची, पलामू, गढ़वा, लातेहार, गुमला, सिमडेगा जैसे जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारी वर्षा के कारण जलभराव और सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उत्तराखंड का मौसम 

बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उधमसिंह नगर में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। भूस्खलन और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।

मध्य प्रदेश का मौसम 

धार, खंडवा, बेतुल, बुरहानपुर, होशंगाबाद, छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में 13 सितंबर को तेज बारिश हो सकती है। किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।