डिप्टी सीएमओ डॉ. जयप्रकाश राजलीवाल के नेतृत्व में पटौदी ब्लॉक के पंचायत प्रतिनिधियों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति किया जागरूक
गुरुग्राम, 09 मई। जिले में चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पटौदी ब्लॉक में पंचायत प्रतिनिधियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. जयप्रकाश राजलीवाल ने किया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व, इसके लाभ और अभियान से संबंधित आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया गया।
डॉ. जयप्रकाश राजलीवाल ने कहा कि एचपीवी टीका किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने में सहायक है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे गांव स्तर पर अभिभावकों को जागरूक करें और पात्र आयु वर्ग की किशोरियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करवाने में सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह अभियान पूरी सावधानी और निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचते हुए केवल चिकित्सकीय और वैज्ञानिक तथ्यों पर विश्वास करना चाहिए।
*गांव-गांव पहुंचाई जाएगी जागरूकता*
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों से कहा गया कि वे अपने क्षेत्रों में बैठकों, महिला समूहों और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस अभियान का लाभ उठा सकें।