{"vars":{"id": "128336:4984"}}

ये IPS कपल इस दिन रचाएगा शादी, रिंग सेरेमनी की तस्वीरें हुई वायरल; यहां देखें 

 

यूपी की चर्चित आईपीएस जोड़ी अंशिका वर्मा और केके बिश्नोई इन दिनों अपनी शादी की तैयारियों में जुटे हुए हैं। दोनों 29 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में विवाह बंधन में बंधेंगे। इससे पहले गुरुवार (26 मार्च) को उनकी रिंग सेरेमनी धूमधाम से आयोजित की गई। इस समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें दोनों एक-दूसरे को अंगूठी पहनाते और साथ में डांस करते नजर आ रहे हैं।

कुछ दिन पहले धार्मिक कार्यक्रम किया था आयोजित 

रिंग सेरेमनी से कुछ दिन पहले मुरादाबाद के लोदीपुर बिश्नोई धाम में एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा ने अपने परिवार के साथ हवन-पूजन में हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गुरु जंभेश्वर महाराज की स्मृति में आहुतियां दी गईं। इस अवसर पर अंशिका वर्मा का बिश्नोई परंपरा के अनुसार नामकरण भी किया गया और उन्हें पाहाल दीक्षा दी गई। यह दीक्षा किसी व्यक्ति को औपचारिक रूप से बिश्नोई समाज में शामिल करने की एक प्राचीन परंपरा है। लोदीपुर बिश्नोई धाम को बिश्नोई समाज का प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र माना जाता है।

30 मार्च को रिसेप्शन का होगा आयोजन 

दोनों आईपीएस अधिकारी 29 मार्च को बाड़मेर में सात फेरे लेंगे। इसके बाद 30 मार्च को जोधपुर के लारिया रिसोर्ट में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस खास मौके के लिए केके बिश्नोई ने अपने माता-पिता के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किया है। 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर के निवासी हैं और वर्तमान में संभल जिले में एसपी के पद पर तैनात हैं। अपनी तैनाती के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक क्षमता की सराहना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार कर चुके हैं। उन्हें वर्ष 2024 में गोरखपुर से संभल जिले में नियुक्त किया गया था।

अंशिका लेडी सिंघम के नाम से फेमस 

दूसरी ओर, आईपीएस अंशिका वर्मा वर्तमान में बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं. 2018 बैच की यह अफसर प्रयागराज की मूल निवासी हैं. उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा वहीं से प्राप्त की. अंशिका वर्मा की कार्यशैली को हमेशा गंभीर, संवेदनशील और निर्णायक माना जाता है. बरेली में अपनी तैनाती के दौरान, उन्होंने एनडीपीएस, हत्या और अन्य गंभीर मामलों को बेहद कुशलता और तेजी से सुलझाया है. 

सोशल मीडिया पर वायरल हुई झलकियां

दोनों के  रिंग सेरेमनी के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वीडियो में दोनों के केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा को डांस करते और एक-दूसरे को अंगूठी पहनाते देखा जा सकता है. फोटो और वीडियो में उनके परिवार के सदस्यों की उपस्थिति भी देखी जा सकती है.