{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा पावर स्पोर्टस ग्रुप की मेजबानी में सम्पन्न हुई तीन दिवसीय 13वीं इंटर पावर यूटीलिटी खेलकूद प्रतियोगिता

 
हिसार, 11 अप्रैल। यहां विद्युत नगर स्थित खेल प्रांगण हिसार में हरियाणा पावर स्पोर्टस ग्रुप की मेजबानी में सम्पन्न हुई तीन दिवसीय 13वीं इंटर पावर यूटीलिटी खेलकूद प्रतियोगिता में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने 65 अंक लेकर ओवरऑल चैंपियनशीप का खिताब अपने नाम किया। विद्युत नगर खेल प्रांगण में इस तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता / मानव संसाधन एवं प्रषासन श्री रजनीश गर्ग और बतौर विशिष्ट अतिथि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षक अभियंता / सी.बी.ओ. श्री बिजेन्द्र लांबा शामिल हुए।

समापन समारोह के अवसर पर श्री रजनीश गर्ग ने विजेताओं में ईनाम वितरित किए। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री गर्ग ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड की खेलकूद समिति को विशेषतौर पर बधाई देते हुए कहा कि आप सभी की टीम भावना से खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से हमने केवल गेम ही नहीं देखी, बल्कि समपर्ण, टीम भावना और खेल कौशल का अद्भुत प्रदर्शन भी अनुभव किया।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से इस प्रतियोगिता में आप सभी ने बड़ी शालीनता और नियमों के अनुरूप भाग लिया। इस प्रतियोगिता के भव्य समापन पर मैं आप सभी को बधाई देता हूं। किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेना ही असली जीत है। जैसा कि कहा जाता है कि जीतना जरूरी नहीं, भाग लेना ही सबसे महत्वपूर्ण है। आप सभी का जोश और खेल भावना सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के अध्यक्ष व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के एम.डी. श्री विक्रम के कुशल मार्गदर्शन व दूरदर्शी नेतृत्व में इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। यह इस बात का उदाहरण है कि प्रशासनिक कार्य व खेल भावना कैसे साथ-साथ चल सकते हैं।

मुख्य अतिथि ने कहा कि बिजली निगमों के दिव्यांग व महिला कर्मचारियों के लिए भी हर वर्ष खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना और इन खिलाड़ियों का प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेना सराहनीय है। बिजली वितरण जैसे कठिन और जोखिम भरे कार्य में स्फूर्ति का होना अत्यंत आवश्यक है। मुझे पूरा विश्वास है कि इन तीन दिनों में आपने जिस टीम भावना से यहां खेलों में अपना प्रदर्शन किया है, उसी टीम भावना से आप कार्यस्थल पर अपना कार्य बेहतर तरीके से करेंगे।

इन खेलों का उद्देश्य कर्मचारियों को ऊर्जावान बनाना है ताकि वे अपने व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ जॉब उत्तरदायित्व अच्छे ढंग से करें। मुझे पूरा विश्वास है कि तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न सर्कलों से आए खिलाड़ियों ने खेल के साथ-साथ बिजली सेवा से संबंधित अपने अनुभवों को भी सांझा किया होगा और ये अनुभव आपकी कार्यदक्षता को बढ़ाएंगे।

हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के जनरल सेक्रेटरी श्री सुरेन्द्र कुमार ने हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप की 13वीं इंटर पावर यूटिलिटी खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता / मानव संसाधन एवं प्रशासन श्री रजनीश गर्ग और उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों, सभी खिलाडियों और दर्शकों का आयोजन समिति की तरफ से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए बोर्डिंग सहित खान-पान की उचित व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया और पूरी प्रतियोगिता निर्विवाद संपन्न हुई। उन्होंने समापन समारोह के मुख्य अतिथि का विशेषतौर पर धन्यवाद करते हुए कहा कि आपने इस आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त कर हमारा उत्साहवर्धन किया।

विजेता खिलाड़ियों व टीमों को पुरस्कार वितरण के उपरांत समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री रजनीश गर्ग ने तीन दिवसीय 13वीं इंटर पावर यूटीलिटी खेलकूद प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर बिजलों निगमों के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और विद्युत नगर परिवारों के सदस्य उपस्थित थे।

13वीं इंटर पावर यूटीलिटी खेलकूद प्रतियोगिता के फाइनल परिणामों में हॉकी के हुए मुकाबलों में हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (एच.पी.सी.सी.एल.) प्रथम और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एच.वी.पी.एन.एल.) द्वितीय स्थान पर रहे।

कबड्डी के हुए मुकाबलों में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (द.ह.बि.वि.नि.लि.) प्रथम और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (उ.ह.बि.वि.नि.लि.) द्वितीय स्थान पर रहे। पुरुषों के हुए टेबल टेनिस के मुकाबलों में उ.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम और द.ह.बि.वि.नि.लि. द्वितीय स्थान पर रहें। महिलाओं के हुए टेबल टेनिस के मुकाबलों में द.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम और एच.वी.पी.एन.एल. द्वितीय स्थान पर रहे। दिव्यांगजन के हुए टेबल टेनिस के मुकाबलों में द.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम स्थान पर रहा।

पुरुषों के हुए रस्साकशी के मुकाबलों में द.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम और उ.ह.बि.वि.नि.लि. द्वितीय स्थान पर रहे। महिलाओं के हुए रस्साकशी के मुकाबलों में द.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम और उ.ह.बि.वि. नि.लि. द्वितीय स्थान पर रहे।

फुटबॉल के हुए मुकाबलों में द.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम और एच.वी.पी.एन.एल. द्वितीय स्थान पर रहे। वॉलीबॉल (स्मैशिंग) के हुए मुकाबलों में उ.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम और द.ह.बि.वि.नि.लि.) द्वितीय स्थान पर रहे। वॉलीबॉल (शूटिंग) के हुए मुकाबलों में द.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम और एच.वी.पी.एन.एल. द्वितीय स्थान पर रहे। बॉस्केट के हुए मुकाबलों में एच.वी.पी.एन.एल. प्रथम और द.ह.बि.वि.नि.लि. द्वित्तीय स्थान पर रहे।

पुरूषों के बैडमिंटन के हुए मुकाबलों में एच.वी.पी.एन.एल. प्रथम और द.ह.बि.वि.नि.लि. द्वितीय स्थान पर रहे। महिलाओं के बैडमिंटन के हुए मुकाबलों में में द.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम और उ.ह.बि.वि. नि.लि. द्वितीय स्थान पर रहे। दिव्यांगजन के हुए बैडमिंटन के मुकाबलों में द.ह.बि.वि.नि.लि. प्रथम स्थान पर रहा।