HAU में 12 व 13 अप्रैल को मॉय भारत बजट क्वेस्ट-2026 का ग्रैंड फिनाले, युवाओं की भागीदारी से गूंजेगा नारी शक्ति का स्वर
एक पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के तहत स्वायत्त निकाय मॉय भारत की उपनिदेशक सुरमयी शर्मा ने बताया कि 12 अप्रैल की सायं को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश के साथ संडे ऑन साइकिल पहल के तहत एक साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही इसी दिन महिला प्रतिभागियों के लिए विशेष महिला युवा संसद का भी आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 13 अप्रैल को हरियाणा जोन से चयनित 528 प्रतिभागी राष्ट्रीय और राज्य स्तर के शीर्ष प्रतिभागियों के साथ संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि यह संवाद युवाओं को अपनी आकांक्षाएं और सुझाव सीधे नीति-निर्माताओं तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा। मेरा भारत बजट क्वेस्ट-2026 का समापन समारोह युवाओं की ऊर्जा, जागरूकता और संकल्प का प्रतीक होगा, जो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान विभिन्न विशेषज्ञ पैनल चर्चाएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिला युवा संसद का मुख्य विषय नारी शक्ति विकसित भारत की आवाज रहेगा, जिसमें युवा महिलाएं संसद की शैली में अपने विचार प्रस्तुत करेंगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना और उन्हें नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देशभर के युवाओं को एक मंच प्रदान करता है।
इसमें 17 विभिन्न स्थानों से 15 हजार से अधिक युवा प्रतिभागी भाग लेंगे, जो केंद्रीय बजट 2026 से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। गौरतलब है कि इस आयोजन की शुरुआत केंद्रीय मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया द्वारा 2 फरवरी 2026 को की गई थी और जो तीन चरणों में संपन्न हुआ था, जिसमें राष्ट्रीय क्विज, निबंध प्रतियोगिता और राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ संवाद शामिल थे। देशभर से 12 लाख से अधिक युवाओं ने इसमें भाग लिया और 46 हजार 500 से अधिक निबंध प्राप्त हुए, जो इस कार्यक्रम की व्यापकता को दर्शाता है।
इस अवसर पर उपनिदेशक रेनू, जिला युवा अधिकारी कोमल, जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव आदि उपस्थित रहे।