{"vars":{"id": "128336:4984"}}

माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 का ग्रैंड फिनाले का हुआ समापन, युवाओं ने रखे सशक्त विचार

 
हिसार, 13 अप्रैल। माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत आयोजित माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 के दो दिवसीय ग्रैंड फिनाले का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया है।
 समापन अवसर के मुख्य अतिथि विधायक रणधीर पनिहार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा केवल भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान में भी देश के विकास का सक्रिय भागीदार है। उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि तकनीकी ज्ञान और कौशल विकास भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा एनालिसिस जैसे आधुनिक विषयों को अपनाने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे आने वाले समय की चुनौतियों का सामना कर सकें। विधायक ने कहा कि सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और इसमें युवाओं की अहम भूमिका है।
कार्यक्रम की शुरुआत में माय भारत की डिप्टी डायरेक्टर सुरमयी शर्मा द्वारा संगठन के उद्देश्यों एवं युवाओं के सशक्तिकरण में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माय भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोडऩे का एक प्रभावी मंच है। इस आयोजन में देशभर के प्रतिभाशाली युवाओं, शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों एवं नीति निर्माताओं ने भाग लिया, जहां बजट 2026 से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में उद्घाटन सत्र के पश्चात माय भारत सत्र तथा दो विशेषज्ञ पैनल चर्चाएं हुईं। प्रथम पैनल में मानव पूंजी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार में निवेश विषय पर मनोज कुमार, बलजीत कंडोला, डॉ. ललित एवं भावना ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए शिक्षा और कौशल विकास में निवेश अत्यंत आवश्यक है। द्वितीय पैनल में भविष्य की अर्थव्यवस्था डिजिटल तकनीक एवं नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था विषय पर डॉ. सुनील वर्मा, महेंद्र सिंह, अजय शर्मा एवं नरेंद्र यादव ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप्स और नवाचार को भविष्य की अर्थव्यवस्था की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने वर्चुअल माध्यम से जुडकर युवाओं के विचारों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रतिभागियों के लिए एक विशेष संदेश भी प्रेषित किया गया, जिसमें उन्होंने युवाओं के उत्साह, नवाचार और योगदान की सराहना की।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि वीसी कम्बोज ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। यह आयोजन न केवल युवाओं की प्रतिभा का उत्सव रहा, बल्कि इसने यह भी सिद्ध किया कि सही मंच और अवसर मिलने पर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।