लीड बैंक कार्यालय में टीबी जागरूकता कार्यक्रम और स्क्रीनिंग कैंप आयोजित
100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कर्मचारियों को दी गई जानकारी
कैंप में टीबी जांच के साथ बीपी, शुगर और अन्य स्वास्थ्य जांच भी की गई
गुरुग्राम — 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत लीड बैंक कार्यालय, गुरुग्राम में टीबी जागरूकता कार्यक्रम और टीबी स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिप्टी सिविल सर्जन (टीबी) डॉ. योगेंद्र सिंह ने की। यह कार्यक्रम लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिस के सहयोग से कैनरा बैंक के एजीएम और एलडीओ विनोद बजाज के समन्वय में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर पूनम और डीपीसी मनीषा द्वारा किया गया। इसमें गुरुग्राम के विभिन्न बैंकों के लगभग 50 कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को टीबी के दस सामान्य लक्षणों की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि टीबी मरीज की सूचना देने पर 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। टीबी मरीजों को उपचार पूरा होने तक हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में टीबी मरीजों के परिवार के सदस्यों के लिए टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) और निक्षय मित्र योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने टीबी के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच कराने की अपील की।
कैंप में टीबी स्क्रीनिंग और जांच के अलावा ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नॉन कम्युनिकेबल डिजीज (एनसीडी), हीमोग्लोबिन और एचआईवी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। कैंप में कुल 110 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई, जिनमें 98 पुरुष और 26 महिलाएं शामिल रहीं। इस दौरान 74 लोगों के चेस्ट एक्स-रे किए गए, जिनमें 10 मामलों में असामान्य रिपोर्ट सामने आई। इसके अलावा 89 लोगों की बीपी जांच और 9 लोगों की रैंडम ब्लड शुगर जांच की गई।