{"vars":{"id": "128336:4984"}}

सुपवा के छात्र को पीआईबी में मिली नियुक्ति, ग्राफिक्स डिजाइनर के तौर पर करेंगे काम

 

 

28 जुलाई 2026, रोहतक।

दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) से इसी वर्ष पोस्ट ग्रेजुएशन पूर्ण करने वाले छात्र को प्रेस इंफोर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) में नियुक्ति मिली है। वे पीआईबी में बतौर ग्राफिक्स डिजाइनर सेवाएं देंगे। यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करते ही नियुक्ति मिलने पर छात्र ने सुपवा परिवार का आभार जताया।

फैकेल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के एफसी विनय कुमार ने बताया कि छात्र देवांश ने शैक्षणिक सत्र 2024-26 में सुपवा में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के लिए दाखिला लिया। देवांश मूल रूप से सोनीपत निवासी है, जिसने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से फाइन आर्ट्स में ग्रेजुएशन पूरी की। साल 2024 में सुपवा में दाखिला लेते हुए इसी साल अप्लाइड आर्ट्स में पोस्ट ग्रेजुएशन की। देवांश की गिनती उसके बैच के होनदार छात्रों में होती थी। पीआईबी में नियुक्ति होने पर उसने दिल्ली स्थित नेशनल मीडिया सेंटर को ज्वाइन कर लिया है। यहां वह भारत सरकार के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राफिक्स तैयार करने वाली टीम में बतौर डिजाइनर सेवाएं देगा।

छात्र देवांश की नियुक्ति पर कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि सुपवा से पासआउट होते ही किसी भी छात्र को प्रतिष्ठित जॉब ऑफर होना यूनिवर्सिटी के लिए गर्व की बात है। इससे साबित होता है कि यूनिवर्सिटी में छात्रों को मार्केट की डिमांड के अनुसार तैयार किया जा रहा है। सुपवा में पढ़ने वाले छात्रों को यहां से निकलते ही उनकी शिक्षा के मुताबिक नौकरी के अवसर उपलब्ध हों, इसके लिए यूनिवर्सिटी स्तर पर भी कुछ बड़े कदम उठाए जाएंगे।