11 मई को मनाया जाएगा ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर एडीसी अर्पित संगल ने अधिकारियों दिए आवश्यक दिशा निर्देश
सिरसा, 08 मई। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में 11 मई को जिला स्तर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों की ड्यूटियां निर्धारित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश किए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, यातायात तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व प्रदेशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे उपस्थित श्रद्धालु लाइव देख और सुन सकेंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर में धार्मिक एवं आयोजन के अनुरूप सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण बनेगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।