जिला की मंडियों में अब तक 2 लाख 37 हजार 746 मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज
झज्जर, 08 मई। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि जिले की मंडियों में रबी सीजन की फसलों की खरीद के साथ ही उपज की नियमानुसार लिफ्टिंग पर जिला प्रशासन मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। जिलाभर की सभी मंडियों व खरीद केंद्रों पर उपज का उठान कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार किसानों की उपज निर्धारित मानकों के अनुरूप खरीदी जा रही है और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। अब तक जिले में गेहूं की 2 लाख 37 हजार 746 मीट्रिक टन की आवक दर्ज जबकि 2 लाख 19 हजार 745 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
डीसी ने खरीद एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को समय पर भुगतान किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने एजेंसियों व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाई जाए ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो और नई फसल की आवक बाधित न हो। अब तक कुल खरीद के 90 प्रतिशत के साथ 1 लाख 98 हजार 143 मीट्रिक टन गेहूं उपज का उठान किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि खरीद एजेंसियों द्वारा स्टोरेज व्यवस्था को बेहतर ढंग से प्रबंधित किया जाए, जिससे खरीदी गई उपज का सुरक्षित भंडारण किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंडियों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी कार्य सुचारू रूप से संपन्न किए जाएं। जिला प्रशासन खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।