{"vars":{"id": "128336:4984"}}

समाधान शिविर में आई शिकायतों के निपटान में दिखाएं तत्परता: एडीसी अर्पित संगल

 - समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
 
सिरसा, 10 अप्रैल। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि समाधान शिविर में आई शिकायतों का प्राथमिकता से निपटान करें और इस कार्य में तेजी लाएं। शिकायतों के निवारण के उपरांत उसकी एटीआर भी पूर्ण विवरण के साथ अपलोड करें। यदि किसी समस्या के समाधान में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उच्च अधिकारियों को अवगत करवाएं।

शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक में एडीसी ने जिला में समाधान शिविर, जन संवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी में प्राप्त शिकायतों के निपटान के लिए अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करते हुए जल्द से जल्द निपटान के दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण भी मौजूद रहे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की जन शिकायतों का स्थाई समाधान हो और संबंधित विभाग आपस में सामंजस्य बनाकर जन शिकायतों का हल करें। उन्होंने मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र, बिजली विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की और जल्द समाधान के निर्देश दिए ताकि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का समय पर लाभ मिल सके।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर में आई 7695 शिकायतों में से 5975 का समाधान किया जा चुका है। 219 शिकायतों पर कार्य चल रहा है, 1111 शिकायतें रिजेक्ट हो चुकी हैं, जबकि 316 शिकायतों को रिओपन किया गया है तथा 74 शिकायतें न्यायालयों के अधीन है। उन्होंने बताया कि सप्ताह में प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल पर समाधान शिविर लगाया जाता है। सिरसा में समाधान शिविर का आयोजन लघु सचिवालय के कमरा नम्बर 63 में होता है। आमजन की कोई भी समस्या हो, उसे समाधान शिविर में रखें और उसका समाधान करवाएं। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी नागरिकों की सुविधा के लिए समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है।