{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 एसडीएम रेणुका नांदल ने बेरी अनाज मंडी में गेहूं खरीद तैयारियों को लेकर आढ़तियों और खरीद एजेंसियों के साथ की बैठक

 

 गेंहू उपज की खरीद के साथ उठान सुनिश्चित करें खरीद एजेंसियां : एसडीएम
बेरी (झज्जर), 09 अप्रैल। एसडीएम रेणुका नांदल ने गुरुवार को बेरी अनाज मंडी का दौरा कर गेंहू खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी आढ़तियों और खरीद एजेंसियों के साथ बैठक की और जरूरी निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि गेंहू खरीद प्रक्रिया को  सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंडी में गेहूं खरीद के साथ उठान और समुचित भंडारण के लिए विशेष कार्य योजना बनाकर कार्य के निर्देश दिए।


इसके उपरांत एसडीएम रेणुका नांदल ने  छारा स्थित खरीद केंद्र का दौरा कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया।
एसडीएम ने बेरी अनाज मंडी में आढ़तियों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को नियमानुसार खरीद कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए ।


उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। खरीद के साथ साथ उपज का भंडारण जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सभी खरीद एजेंसियां अनुमानित आवक का सही अध्ययन कर अपनी रणनीति तैयार करें, ताकि मंडियों में भीड़भाड़ न हो और किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई कठिनाई न आए।


एसडीएम ने  मंडी में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली और सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभी से यह सुनिश्चित किया जाए कि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और पूरी पारदर्शिता के साथ राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जाए।  प्रशासन खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।


किसान गेहूँ उपज सुखाकर बिक्री के लिए मंडी लाएं : एसडीएम
एसडीएम रेणुका नांदल ने बेरी उपमंडल के किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान अपनी उपज को पूरी तरह सुखाकर ही मंडियों में लाएं, ताकि नमी की समस्या के कारण किसी को परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया सुगमता से हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से तय मानकों के अनुसार ही उपज खरीद की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के किसानों का आह्वान किया कि वे गेहूं और सरसों उपज को अच्छी तरह सुखाकर बिक्री के लिए लाएं। इस अवसर पर मार्किट कमेटी के चेयरमैन राजेन्द्र शर्मा, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दलबीर सिंह, सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अमरजीत सिंह, सचिव विधासागर, निरीक्षक हरिओम भारद्वाज, अजय कुमार सहित सभी आढ़ती और खरीद एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित थे।