{"vars":{"id": "128336:4984"}}

SDM Arrest: 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते SDM काजल गिरफ्तार, रीडर और क्लर्क भी ACB के हत्थे चढ़े 

 

 SDM Arrest: राजस्थान के करौली जिले में एसीबी की टीम ने 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एसडीएम काजल मीणा, एसडीएम के रीडर दिनेश सैनी और क्लर्क प्रवीण धाकड़ को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपये भी बरामद किये हैं। 

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि सवाई माधोपुर एसीबी चौकी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी भूमि की फाइनल डिक्री (तकसीम) जारी करने के बदले एसडीएम काजल मीना, अपने रीडर दिनेश सैनी के माध्यम से रिश्वत की मांग कर रही हैं। प्रारंभ में एक लाख रुपये की मांग की गई थी, जो बाद में 50 हजार रुपये पर तय हुई। सत्यापन के दौरान सामने आया कि रीडर ने 50 हजार रुपये एसडीएम के लिए और 10 हजार रुपये अपने लिए मांगे।

ऑफिस में बुलाकर ली जा रही थी रिश्वत

शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। 16 अप्रैल 2026 को परिवादी को नादौती स्थित उपखंड कार्यालय बुलाया गया, जहां रिश्वत की राशि दी जानी थी। जैसे ही 60 हजार रुपये की रकम आरोपियों तक पहुंची, एसीबी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रीडर दिनेश सैनी ने राशि लेकर उसे वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को सौंपा था।

रीडर के बैग करीब 4 लाख बरामद

कार्रवाई के दौरान प्रवीण धाकड़ के बैग से 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ ही 4 लाख रुपये की अतिरिक्त संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई, जिन्हें अवैध वसूली का हिस्सा माना जा रहा है। इस पूरे ऑपरेशन को एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर तथा डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह की निगरानी में अंजाम दिया गया। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।

एसडीएम समेत तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

यह कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी द्वारा अंजाम दी गई। वहीं एडीजी स्मिता श्रीवास्तव और आईजी एस. परिमला के निर्देशन में आगे की पूछताछ और जांच जारी है। एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत अनुसंधान जारी है।

हाल ही में बारां जिले का पकड़ा गया था अधिकारी

गौरतलब है कि करौली जिले में हाल ही में एसीबी ने कार्रवाई की थी। इससे पहले भी एसीबी ने बारां जिले की अंता नगरपालिका के सहायक अभियंता महेंद्र सिंह जाटव को 3.70 लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि वह विभिन्न कार्यों के बदले यह राशि एकत्र कर अपने घर ले जा रहा था।