समाधान शिविर औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम : एसडीएम
बेरी, (झज्जर) 04 मई। बेरी स्थित लघु सचिवालय में सोमवार को एसडीएम रेणुका नांदल की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर में एसडीएम ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम रेणुका नांदल ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें दोबारा खुली हैं, उनके कारणों की जांच की जाए और उनका गुणवत्तापूर्ण निपटान किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्ष स्वयं ऐसी शिकायतों पर संज्ञान लें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए समाधान करवाएं, ताकि वही शिकायत दोबारा न खुले।
उन्होंने कहा कि आमजन प्रशासन पर विश्वास करके अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर लोगों की छोटी से छोटी समस्या का भी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर को केवल औपचारिकता न मानते हुए जनसेवा का माध्यम समझें और हर शिकायत का समयबद्ध व स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित दिन पर समाधान शिविर में पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।
इस दौरान मार्किट कमेटी के चेयरमैन राजेन्द्र शर्मा,एसडीओ डॉ ऋषिपाल,एआईपीआरओ डॉ अश्वनी शर्मा,बीएओ डॉ अशोक रोहिल्ला,बिजली निगम से जेई अनिल कुमार,क्रीड से दीपक,विवेक कुमार,मंजीत सिंह सहित अनेक अधिकारीगण उपस्थित रहे।