{"vars":{"id": "128336:4984"}}

रोहतकः अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में बार सभागार में लगाया गया रक्तदान शिविर

 
रोहतक, 13 अप्रैल। संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को जिला बार एसोसिएशन की ओर से सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ नगराधीश अंकित कुमार ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संगीता राय सचदेव व रजनी यादव सहित सभी न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। यह कार्यक्रम बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा व सचिव राजकरण पंघाल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर लाइब्रेरी इंचार्ज अनिल कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में गणमान्य व्यक्तियों व अधिवक्ताओं ने डा. भीमराव अंबेडकर को याद किया और समाज में समानता, न्याय एवं मानवता के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। इसी के साथ रक्तदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने कहा कि रक्तदान महादान है, जो सीधे किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे समय-समय पर रक्तदान कर इस महान सेवा में योगदान दें।

इस अवसर पर रक्तदाताओं व सहयोगियों को सम्मानित भी किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजन में महिला अधिवक्ताओं की अहम भूमिका रही, जिनमें अधिवक्ता कामिनी चोपड़ा, बबीता फौगाट, हिमानी सिंह, बबीता किराड़, मीनू, सुमित्रा, सुनीता, तमन्ना व मंजू शामिल थी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र लोरा, देवेंद्र चहल, दीपक सहरावत, कुशल कुंडू, वरुण कौशिक सहित अनेक अधिवक्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।