{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  लंबित राजस्व कार्यों के त्वरित निपटान के लिए समीक्षा बैठक आयोजित

 

हिसार, 09 अप्रैल।
मंडलायुक्त गीता भारती  ने राजस्व विभाग से संबंधित लंबित कार्यों के शीघ्र एवं प्रभावी निपटान को लेकर अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। बैठक में पेपरलेस प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन, मॉडर्न रिवैन्यू रिकॉर्ड रूम, म्यूटेशन, ततिमा अपडेटेशन, पेपरलेस डिमार्केशन, रेवेन्यू कोर्ट केस, एग्रीस्टेक सहित अन्य राजस्व कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर उपायुक्त महेंद्र पाल भी उपस्थित रहे।


वीरवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित वीसी सभागार में राजस्व वित्तीय आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत मंडलायुक्त गीता भारती ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि वे राजस्व विभाग से संबंधित लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटान करना सुनिश्चित करें ताकि आमजन को समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि पेपरलेस प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में अधिक से अधिक सेल्फ रजिस्ट्रेशन के लिए आमजन को प्रेरित किया जाए। इसके लिए हेल्पडेस्क स्थापित करने जैसे प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि आमजन को प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि ततिमा अपडेटेशन, एग्रीस्टेक, मॉडर्न रिवैन्यू रिकॉर्ड रूम तथा म्यूटेशन जैसे कार्यों को गति देने के लिए अतिरिक्त संसाधनों का समुचित उपयोग किया जाए।

इसके साथ ही आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर कार्यों का शीघ्र निपटान करना भी सुनिश्चित किया जाए। मंडलायुक्त गीता भारती ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन कार्यों को पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ तय समयसीमा में पूरा करें। इसके साथ ही उन्होंने रेवेन्यू कोर्ट में लंबित मामलों की समीक्षा की और इनके जल्द निपटान करने के निर्देश दिए।


बैठक के दौरान उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी लंबित म्यूटेशन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाए और ततिमा अपडेटेशन कार्य में तेजी लाकर रिकॉर्ड को अद्यतन रखा जाए। एग्रीस्टेक परियोजना के तहत डाटा एंट्री एवं सत्यापन कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए तथा मॉडर्न रिवैन्यू रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए रिकॉर्ड के डिजिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि आमजन से संबंधित मामलों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए, ताकि उच्च स्तर पर समीक्षा के दौरान संतोषजनक परिणाम सामने आ सकें।


इस अवसर पर हिसार मंडलायुक्त के विशेष कार्याधिकारी जगदीप सिंह, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश हरिराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।