Rajasthan News: 33 लाख की रिश्वत लेते PWD विभाग का XEN गिरफ्तार, 75 लाख मांगी थी रिश्वत, 50 लाख में सौदा हुआ था तय
Rajasthan News: राजस्थान के झुंझनू से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पर एसीबी की टीम ने लोक निर्माण विभाग के XEN राकेश कुमार और दलाल याकूब अली को 33 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये दोनों सड़क के अंदर आई जमीन को बचाने के लिए नया नक्शा बनाने की एवज में रिश्वत ले रहे थे।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित व्यक्ति की जमीन बग्गड़ बाईपास के रास्ते में आ रही थी जिसके बाद सड़क का नक्शा बदलने की एवज में उससे 75 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इसमें दलाल याकूब अली और XEN राकेश कुमार शामिल है। इसके बाद दोनों के बीच 50 लाख रुपये में समझौता हुआ।
एसीबी की टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए अपना जाल बिछाया था। जिसके बाद एसीबी की मौजूदगी मेंं पीड़ित शख्स ने दलाल से बातचीत करके पैसे देने की बात कही। दलाल याकूब अली ने पीड़ित को रिश्वत की पहली किस्त जयपुर के सीकर रोड स्थित चौमूं पुलिस के पास बुलाया। जैसे ही पीड़ित ने दलाल को 33 लाख रुपये दिये तो एसीबी की टीम ने दबोच लिया।
जैसे ही दलाल को पकड़ा तो उसके बाद एसीबी की टीम ने एक्सईएन राकेश कुमार को फोन मिलवाया और पैसे मिलने की जानकारी दी। जैसे ही एसीबी टीम को इसकी पुष्टि हो गई कि पैसे राकेश कुमार के कहने पर ही लिये गए हैं तो एसीबी की दूसरी टीम ने चिड़ावा से एक्सईएन राकेश कुमार को भी हिरासत में ले लिया।
पकड़ा गया आरोपी याकूब अली वैशाली नगर में 'झुंझुनूं इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड' के नाम से कंपनी चलाता है। यह सरकार की एक नोटिफाइड कंपनी है। खास बात यह है कि बग्गड़ में स्टेट हाईवे को जोड़ने वाले बाईपास का अलाइनमेंट बनाने का काम भी इसी कंपनी के पास था. इसी ताकत का फायदा उठाकर याकूब अधिकारियों के लिए दलाली कर रहा था।
एसीबी की टीम अब दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है। विभाग इस बात का भी पता लगा रहा है कि 33 लाख रुपये की यह बड़ी रकम और किन-किन अधिकारियों के बीच बंटने वाली थी। इस मामले में कुछ और बड़े अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में है।