Rajasthan News: राजस्थान के नीमकाथाना में 40 हजार की रिश्वत लेते मंडी सचिव गिरफ्तार, चार दुकानों के लाइसेंस के लिए मांगी थी घूस
राजस्थान में सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके में गुरूवार को एसीबी की सीकर इकाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया और कृषि उपज मंडी नीमकाथाना के सचिव को 40,000 रुपये की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद न केवल इलाके में बल्कि समूचे शेखावाटी में एक बार फिर भ्रष्ट अफसरों एवं कार्मिकों की नींद उड़ा दी है।
एसीबी टीम अब आरोपी के नीमकाथाना से लेकर सीकर कृषि उपज मंडी की कुंडली रिकार्ड खंगालने में लगी है क्योंकि आरोपी के पास नीमकाथाना कृषि उपज मंडी सचिव एडिशनल चार्ज था। इधर, कार्रवाई की भनक पाकर मौके पर पहुंचे कुछ व्यापारी मंडी में पनपे भ्रष्ट खेल की शिकायत करते नजर आए।
40,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
दरअसल, आपको बताते चले कि गुरूवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों की सीकर इकाई ने कृषि उपज मंडी नीमकाथाना में सचिव पद संभाल रहे रणधीर सिंह को एक व्यापारी और उसके परिजनों के नाम चार दुकानों के लाइसैंस जारी करने के एवज में मंडी कार्यालय में बतौर 40,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
चार दुकानों के लाइसैंस जारी के मांगे 80,000 रुपये
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया की एसीबी चौकी सीकर को एक शिकायत देते हुए नीमकाथाना कृषि उपज मंडी के सचिव रणधीर सिंह पर आरोप लगाया कि सचिव परिवादी के परिजनों के नाम चार दुकानों के लाईसेंस जारी करने की एवज में परिवादी से 80,000 रूपये बतौर रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा है।