{"vars":{"id": "128336:4984"}}

लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार खानक रोड की विशेष मरम्मत करवाए जाने के दिए निर्देश

 
चंडीगढ़, 20 अप्रैल - हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को हिसार खानक रोड की विशेष मरम्मत करवाए जाने के निर्देश दिए हैं। यह सड़क मार्ग अधिक जलभराव के कारण से हिसार की सीमा में कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। सडक़ की विशेष मरम्मत के लिए एक करोड़ 15 लाख 22 हजार रुपये की राशि का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिसे जल्द ही सरकार से अनुमति मिल जाएगी। 

इसके उपरांत हिसार सीमा मे खानक रोड की विशेष मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसी प्रकार से पातन से मुकलान-रावलवास सडक़ मार्ग की विशेष मरम्मत के निर्देश भी मंत्री श्री रणबीर गंगवा द्वारा दिए गए हैं। यह सडक़ मार्ग भी अत्यधिक जलभराव के कारण कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था।

कैबिनेट मंत्री के निर्देशों पर 69 लाख 87 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे भी सरकार की स्वीकृति हेतु भेज दिया गया है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि क्षेत्र में अत्यधिक बरसात के उपरांत हुए जलभराव के कारण से कई सडक़ मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिन्हें नियमों में ढील देकर चरणबद्घ ढंग से ठीक करवाया जा रहा है।