पंजाब नेशनल बैंक के कृषि आउटरीच कार्यक्रम में किसानों को 13.99 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित
रोहतक, 9 मई। पंजाब नेशनल बैंक द्वारा पैन इंडिया कृषि आउटरीच कार्यक्रम के तहत रोहतक मंडल में जिला विकास भवन के सभागार में मंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल प्रमुख श्रीमती आरज़ू परवीन ने की।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने पंजाब नेशनल बैंक की लीड बैंक के रूप में सराहना करते हुए कहा कि बैंक सभी क्षेत्रों में बेहतर कार्य करते हुए ग्राहकों का विश्वास बनाए हुए है। उन्होंने बैंक की सरल कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को बैंक की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कृषि विभाग के एसडीओ हरीश कुमार दहिया ने किसानों को कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रधान कार्यालय से मुख्य महाप्रबंधक सुनील कुमार गोयल ने बैंक की डिजिटल एवं परेशानी मुक्त ऋण स्वीकृति प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया।
मंडल प्रमुख श्रीमती आरज़ू परवीन ने कहा कि बैंक की रोहतक जिला में 45 तथा झज्जर जिला में 30 शाखाएं कार्यरत हैं, जो सभी बैंकों में सर्वाधिक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों जिलों में बैंक लीड बैंक की भूमिका निभाते हुए भरोसे का प्रतीक नारे के साथ उत्कृष्ट ग्राहक सेवाएं प्रदान कर रहा है। वरिष्ठ प्रबंधक रवि सोढ़ी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि ऋण संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाना, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाना तथा स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में किसानों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
कार्यक्रम को रोचक एवं जन-जागरूकता आधारित बनाने के लिए बैंक द्वारा जादूगरों की टीम को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने मनोरंजक तरीके से बैंक योजनाओं की जानकारी दी। बैंक कर्मियों द्वारा उपस्थित लोगों को कृषि ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होने पर मौके पर ही ऋण स्वीकृति की व्यवस्था भी की गई। मुख्य प्रबंधक विकास लांबा ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसानों से 56.93 करोड़ रुपये के कृषि ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से पात्र एवं पूर्ण दस्तावेज वाले आवेदकों को मौके पर ही 13.99 करोड़ रुपये की कृषि ऋण राशि के स्वीकृति पत्र मुख्य अतिथि द्वारा वितरित किए गए।
अग्रणी जिला प्रबंधक महावीर प्रसाद ने मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित सभी किसानों, स्वयं सहायता समूहों तथा प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से बैंक स्टाफ, ग्रामीणों एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्यों का उत्साह बढ़ा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, कृषि विभाग के एसडीओ हरीश कुमार दहिया तथा प्रधान कार्यालय से आए मुख्य महाप्रबंधक सुनील कुमार गोयल का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर बैंक की विभिन्न शाखाओं के कृषि अधिकारी, बीसी एजेंट, सीएफएल प्रतिनिधि मिथलेश, प्रत्युष तथा आर सेती खरावड़ सहित बैंक का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।