जनशिकायतों का समयबद्ध किया जाए समाधान: एडीसी अर्पित संगल
सिरसा, 13 अप्रैल। एडीसी अर्पित संगल ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका निपटारा प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर डीएसपी आदर्शदीप सिंह भी मौजूद रहे। इसके साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। जिला में आयोजित समाधान शिविरों में कुल नौ शिकायतें आई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध किया जाए। समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को अधिकारी अच्छे से जांच करके उस शिकायत का समाधान करें और इसकी रिपोर्ट भी भिजवाएं। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों को जल्द से जल्द समाधान करके पूर्ण एटीआर के साथ पोर्टल पर भी अपडेट करें। अधिकारी हर शिकायत को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द उनका निवारण करें।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर सोमवार और वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे निर्धारित दिनों में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं।