{"vars":{"id": "128336:4984"}}

एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतकर प्रीति पँवार ने बढ़ाया रोहतक का मान

 
रोहतक, 16 अप्रैल। हरियाणा की प्रतिभाशाली मुक्केबाज़ नायब सूबेदार प्रीति पँवार ने एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप (मंगोलिया, अप्रैल 2026) में 54 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से रोहतक सहित पूरे हरियाणा में गर्व का माहौल है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए खेल प्रेरक हरियाणा अधिवक्ता राजनारायण पंघाल ने कहा—
“प्रीति पँवार न केवल भिवानी की बल्कि अब रोहतक से भी जुड़ी हुई प्रेरणा हैं, क्योंकि उनके पिता चौधरी सोमवीर जी रोहतक पुलिस में एसपी कार्यालय में कार्यरत हैं। प्रीति भारतीय सेना की पहली महिला खिलाड़ी हैं, जिन्हें सीधे नायब सूबेदार के पद पर भर्ती किया गया—यह उपलब्धि अपने आप में ऐतिहासिक है। उनका स्वर्ण पदक हरियाणा की खेल संस्कृति, अनुशासन और समर्पण की ताकत को दर्शाता है।”

भारतीय सेना की ओर से भी इस उपलब्धि को विशेष सम्मान मिला। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी (COAS) ने एशियन चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी आर्मी बॉक्सर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर कुल आठ पदक विजेता खिलाड़ियों (तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य) को सम्मानित किया गया, जिनमें प्रीति पँवार भी शामिल रहीं।

प्रीति पँवार पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और पेरिस ओलंपिक में भाग ले चुकी हैं। भिवानी के गांव बड़ेसरा से निकलकर भारतीय सेना में नायब सूबेदार बनना और अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतना युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा है।

टीम के कोच सूबेदार मोहम्मद ऐतेशामुद्दीन को भी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया, जिनके नेतृत्व में भारतीय बॉक्सर्स ने यह शानदार सफलता हासिल की।

रोहतक पुलिस व स्थानीय खेल प्रेमियों ने भी प्रीति की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत क्षेत्र के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगी।


---

(खेल प्रेरक हरियाणा अधिवक्ता राजनारायण पंघाल)
रोहतक