11 मई को श्री शिव मंदिर सीसवाल धाम में आयोजित होगा जिला स्तरीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
हिसार, 08 मई। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और उद्घाटन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई को श्री शिव मंदिर सीसवाल धाम में जिला स्तरीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान भव्य कलश यात्रा आयोजित की जाएगी। श्रद्धालु शिव भक्ति के जयघोषों के साथ यात्रा में भाग लेंगे। मंदिर परिसर में भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया जाएगा, जिसके उपरांत भजन-कीर्तन, ओंकार जाप, शिव तांडव एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि साल 2026 सोमनाथ मंदिर के संघर्ष, आक्रमण और पुनरुत्थान के 1000 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। क्योंकि इस पर पहला आक्रमण 1026 ई. में हुआ था। उन्होंने कहा कि 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माने जाने वाले सोमनाथ मंदिर ने सदियों से राष्ट्रीय, दृढ़ता और आस्था के प्रतीक के रूप में अपनी पहचान बनाकर रखी है। इसलिए भारत सरकार द्वारा 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जाएगा।
बैठक के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने श्री शिव मंदिर सीसवाल धाम का दौरा करते हुए कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक आस्था और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। उन्होंने मंदिर के प्रबंधन एवं समिति के सदस्यों के साथ चर्चा करते हुए बताया कि कार्यक्रम के दौरान गुजरात के सोमनाथ में आयोजित राष्ट्रीय समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को संबोधित करेंगे।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर कार्यक्रम की सभी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दिन जिले के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में भी सजावट रखने के लिए कहा गया है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, अतिरिक्त निगमायुक्त शालिनी चेतल, डीडीपीओ नरेंद्र, श्री शिव मंदिर सीसवाल धाम प्रधान घीसा राम जैन, रोहताश, तरसेम गोयल, हनुमान, सुभाष, रोहतास सैनी, डॉ शेरसिंह सैनी, अजीत सिंह, सरपंच पालेराम, बलवंत जौहर, रामचन्द्र, धारा राम सैनी, रामनिवास सैनी, समीर सैनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।