झज्जर,बहादुरगढ़ और बेरी शहरों के सौंदर्यकरण को लेकर समन्वय से कार्य करें अधिकारी : डीसी
- डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों की बैठक में की शहरी क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा
डीसी बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में शहरी क्षेत्रों से जुड़े कार्यों व योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में डीएमसी अभिनव सिवाच आईएएस ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता,खेल स्टेडियम,बिजली,पेयजल व शहरों के सौंदर्यीकरण को लेकर संचालित कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
डीसी ने कहा कि शहरों के सौंदर्यीकरण की बात हो या फिर खेल स्टेडियमों के जीर्णोद्धार का विषय हो,सभी विभागों के सहयोग से विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए। जनसहयोग से सभी शहर स्वच्छ व सुंदर बनें। शहर में आने वाले प्रत्येक नागरिक को सुखद अहसास हो। उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा कलैक्शन,आधुनिक शौचालय,शहरी क्षेत्रों में लाइट व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा कचरा प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने दिव्य नगर योजना को लेकर सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि झज्जर शहर में गलियों के पुनर्निर्माण ,चौराहों का सौंदर्यीकरण को लेकर शहरी स्थानीय विभाग द्वारा प्रभावी रूप से कार्य किये जाएं,इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवारा पशुओं की स्थिति पर चर्चा करते डीसी ने कहा कि खुले में घूम रहे पशुओं की समस्या के स्थाई समाधान को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि खेल स्टेडियमों में बेहतर सुविधाएं देना ही प्रशासन की प्राथमिकता है। युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की मांग है और इसके माध्यम से न केवल प्रतिभाओं को निखारा जा सकता है बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए शहरी क्षेत्र में समग्र विकास में योगदान दें, ताकि झज्जर जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर सके। उन्होंने रेड क्रॉस से जुड़े विषयों को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर परिषद झज्जर के चेयरमैन जिले सिंह सैनी,सीएमजीजीए खुशी कौशल,सीटीएम रितु बंसीवाल, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता सुमित कुमार व अनिल रोहिल्ला,जनस्वास्थ्य विभाग से एक्सईएन अश्विनी सांगवान,सचिव नगर परिषद बहादुरगढ प्रवीण कुमार,ईओ झज्जर नगर परिषद देवेंद्र कुमार,एमई झज्जर नरेंद्र तनेजा व सुनील कुमार,भारत भूषण,पंकज सैनी,जेई रोहित लोहचब,शिव कुमार,रेडक्रास सोसायटी के सहायक सचिव पवन शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।