जनसमस्याओं का निर्धारित समयावधि में समाधान करें अधिकारी
झज्जर, 16 अप्रैल। जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय सभागार में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। शिविर में आठ शिकायतें दर्ज की गई।
इस अवसर पर डीसी ने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निपटारा करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराना है, ताकि उन्हें बार-बार विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय के साथ-साथ बहादुरगढ़, बेरी और बादली उपमंडल मुख्यालयों पर नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान उनके निकटतम स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है।
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे के दौरान संबंधित नागरिक से संवाद स्थापित करें, ताकि समाधान की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित हो सके।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, सीटीएम ऋतु बंसीवाल, एसीपी शमशेर, डीडीपीओ निशा तंवर, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुमित कुमार के अलावा ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजपाल सिंह बंभूलिया एवं सुरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।