{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करें अधिकारी : एसडीएम

 
बेरी(झज्जर)11 मई। उपमंडल प्रशासन द्वारा सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम रेणुका नांदल ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने नागरिकों की शिकायत सुनते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान लगभग आधा दर्जन से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई।
एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान तय समय-सीमा में किया जाए और कार्यवाही की रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य है कि नागरिकों की समस्याओं का निवारण उनके घर द्वार के समीप ही त्वरित गति से हो। एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ किया जाना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग से एसडीओ डॉ ऋषिपाल, पीडब्ल्यूडी से जेई प्रवीण अहलावत, जनस्वास्थ्य विभाग से जेई प्रवीन कुमार, बिजली निगम से जेई योगेश कुमार, ब्लॉक पटवारी पवन जून सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।